
एक हाथ से अवरोध, दूसरे से प्रोत्साहन: भारत में सीसीटीवी प्रणाली की अस्थिर परिस्थिति
मार्च में सौर ऊर्जा से चलने वाले चीन निर्मित कम कीमत वाले, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर आसानी से उपलब्ध और स्वतंत्र रूप से काम करने के लिए 4जी मोबाइल तकनीक का उपयोग करने वाले सीसीटीवी कैमरों पर आरोप लगाया गया कि इनका इस्तेमाल पाकिस्तान की अंतर-सेवा खुफिया एजेंसी (इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस यानि आई.एस.आई.) द्वारा उत्तरी भारत में जासूसी के लिए किया गया था। 1 अप्रैल से भारत ने अपने निगरानी उपकरण नियमों में बदलाव किया और चीनी कंपनियों को देश में क्लोज्ड सर्किट टेलीविजन (सीसीटीवी) सिस्टम बेचने से रोक दिया। नए नियमों के तहत भारत में बेचे जाने वाले किसी भी कनेक्टेड सीसीटीवी उपकरण को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत मानकीकरण परीक्षण और गुणवत्ता प्रमाणन (एसटीक्यूसी) द्वारा निर्धारित कड़े प्रमाणन मानकों का पालन करना होगा। एसटीक्यूसी ढांचा सीसीटीवी सिस्टम की भारतीय सरकार की सुरक्षा और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुपालन की जांच करने और यह सुनिश्चित करने के लिए बनाया गया है कि कैमरे सुरक्षित हों, भरोसेमंद हों और हैकिंग या दुरुपयोग के प्रति संवेदनशील न हों। एसटीक्यूसी और बदले हुए नियम मार्च 2024 में इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्रालय द्वारा जारी राजपत्र अधिसूचना से उत्पन्न हुए हैं और गृह मंत्रालय के एक आदेश के माध्यम से जारी किए गए हैं, जो चिपसेट सहित प्रमुख घटकों के मूल देश का खुलासा करना और अनधिकृत दूरस्थ पहुंच को सक्षम करने वाली कमजोरियों के लिए उपकरणों का अनिवार्य परीक्षण करना अनिवार्य बनाते हैं।
सीसीटीवी प्रणाली – चीनी कंपनियों का एकाधिकार
चीनी कंपनियां हिकविजन और दाहुआ टेक्नोलॉजी वैश्विक सीसीटीवी उद्योग में एकाधिकार रखती हैं और इसलिए नवीनतम प्रतिबंधों से सबसे अधिक प्रभावित हुई हैं, क्योंकि उनके उपकरण आवासीय, खुदरा, आतिथ्य, बैंकिंग, सार्वजनिक अवसंरचना, शैक्षणिक और सरकारी संस्थानों आदि में व्यापक रूप से उपयोग किए जाते हैं। दैनिक जीवन में निगरानी का नियमित उपयोग, जिसमें कानून प्रवर्तन में इसका उपयोग भी शामिल है, ने इन चीनी कंपनियों को अपनी प्रतिष्ठा बढ़ाने और वैश्विक स्तर पर अपनी पहुंच का लगातार विस्तार करने में और मदद की है। सेंसर, सॉफ्टवेयर और तकनीक से लैस रोजमर्रा की भौतिक वस्तुओं का बढ़ता एकीकरण, जो अन्य वस्तुओं से जुड़कर डेटा का आदान-प्रदान करती हैं, जिसे इंटरनेट ऑफ थिंग्स के नाम से जाना जाता है, ने निगरानी तंत्र को और आगे बढ़ाया है और इस प्रकार, चीनी कंपनियों के संचालन को भी बढ़ावा दिया है।
हिकविजन और दाहुआ दोनों की स्थापना 2001 में हुई थी। हिकविजन की संस्थापक टीम में अधिकतर चाइना इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी ग्रुप कॉर्पोरेशन (सीईटीसी) के इंजीनियर शामिल थे, जो एक चीनी सरकारी उद्यम है और नागरिक एवं सैन्य उपयोग के लिए इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाती है। 2008 में हिकविजन ने अपने 48 प्रतिशत शेयर सीईटीसी को हस्तांतरित कर दिए , जिससे वह आज बहुसंख्यक शेयरधारक बन गया है। हिकविजन और दाहुआ दोनों ही चीनी कम्युनिस्ट पार्टी-राज्य के साथ गहराई से जुड़े हुए हैं और शार्प आइज़ (ज़ुएलियांग गोंगचेंग ) और स्काईनेट ( तियानवांग गोंगचेंग ) जैसी राष्ट्रीय पुलिसिंग और निगरानी परियोजनाओं में सहयोग करते हैं। इन घरेलू प्रथाओं को इन दोनों चीनी कंपनियों ने चीन की बेल्ट एंड रोड पहल का लाभ उठाते हुए विदेशों में भी स्थानांतरित कर दिया है, जिससे राज्यों द्वारा नागरिकों की निगरानी सामान्य हो गई है ।
दो हिस्सों की कहानी – राष्ट्रीय सुरक्षा और स्वदेशीकरण
हालांकि नए नियमों में पूर्वव्यापी प्रभाव का प्रावधान नहीं है, फिर भी भारत में कुछ प्रशासनों और एजेंसियों ने चीनी कंपनियों के क्लोज्ड-सर्किट कैमरों को भारतीय और अन्य विदेशी कैमरों, विशेष रूप से जर्मनी, ताइवान और अमेरिका के कैमरों से बदलना शुरू कर दिया है। कुछ उल्लेखनीय उदाहरणों में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा टोल प्लाजा से सीसीटीवी कैमरों को हटाना और दिल्ली भर में 1.4 लाख से अधिक कैमरों को चरणबद्ध तरीके से हटाना शामिल है। जहां एक ओर दिल्ली में इस कार्यवाही के दौरान वर्तमान और पूर्व सरकारों के बीच राजनीतिक खींचतान हुई, वहीं हिकविजन का एक प्रमुख विक्रेता के रूप में उभरना कंपनी की कम लागत पर भारी मात्रा में आपूर्ति करने की क्षमता के कारण है। यह कंपनी भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स की विक्रेता सूची में भी शामिल थी।
भारत में चीनी सीसीटीवी उपकरणों की स्थापना हमेशा से ही राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताएं पैदा करती रही है, खासकर 2020 में पूर्वी लद्दाख संघर्ष के बाद से। मार्च की घटना में चीन की संभावित संलिप्तता और ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को बीजिंग का समर्थन इन चिंताओं को और बढ़ा देता है, और ये चिंताएं केवल भारत तक ही सीमित नहीं हैं। ऑस्ट्रेलिया और ब्रिटेन ने अपने राष्ट्रीय रक्षा प्रतिष्ठानों से चीनी सीसीटीवी हटा दिए हैं, जबकि कनाडा और अमेरिका ने शिनजियांग में उइघुर अल्पसंख्यक के उत्पीड़न के लिए बुनियादी ढांचा प्रदान करने के आरोप में उन पर प्रतिबंध लगा दिए हैं।
हालांकि भारत के नए प्रमाणन नियमों को केवल राष्ट्रीय सुरक्षा के परिप्रेक्ष्य से देखना सच्चाई का अधूरा पहलू है। वास्तव में गृह मंत्रालय के आदेश में सरकारी निविदाओं में भारतीय आपूर्तिकर्ताओं को प्राथमिकता दी गई है, जिसमें भारत में विनिर्माण और विश्वसनीय, अनुपालनशील आपूर्ति श्रृंखलाओं द्वारा स्थानीय मूल्यवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया गया है। पिछले पांच वर्षों में ही सीपी प्लस, क्यूबो, मैट्रिक्स और स्पर्श जैसी भारतीय कंपनियों ने स्थानीयकृत फर्मवेयर और ताइवानी चिपसेट का उपयोग करके अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुव्यवस्थित करते हुए अपनी बिक्री में वृद्धि की है। परिणामस्वरूप, 2025 तक भारतीय कंपनियां भारतीय सीसीटीवी बाजार के 80 प्रतिशत हिस्से पर नियंत्रण कर चुकी हैं। सीपी प्लस जैसी कंपनियों ने अनुसंधान एवं विकास, विनिर्माण और आपूर्ति श्रृंखलाओं में निरंतर निवेश किया है और शहरी सुरक्षा परियोजनाओं में सरकारों के साथ साझेदारी की है।
भारतीय सीसीटीवी कंपनियों की विस्तार करने की क्षमता भारत सरकार के आत्मनिर्भरता के सिद्धांत की एक सफल मिसाल है। विनिर्माण के अन्य क्षेत्रों के विपरीत जहाँ चीन पर अत्यधिक निर्भरता है, सीसीटीवी क्षेत्र कम जटिल और निम्न स्तर की तकनीक पर आधारित है। सेमीकंडक्टर फ़ैब (जिनमें भारी पूंजी और तकनीकी बाधाएँ होती हैं) या सोलर वेफर्स (जिनमें अपस्ट्रीम निर्भरता अधिक होती है) के विपरीत भारतीय कंपनियाँ अपने सॉफ़्टवेयर को स्थानीय स्तर पर विकसित करने और ताइवान तथा अन्य विदेशी स्रोतों से प्राप्त चिपसेट को बदलने में सक्षम रही हैं। सार्वजनिक क्षेत्र सहित सीसीटीवी की भारी मांग, कम लागत पर बदलाव और ब्रांड प्रतिष्ठा से अप्रभावित उपभोक्ताओं ने भारतीय कंपनियों के पक्ष में काम किया।
नई दिल्ली द्वारा चीनी कंपनियों पर लगाए गए प्रतिबंध और भारतीय कंपनियों को दिए गए प्रोत्साहन चीन की ‘ग्रेट फायरवॉल’ से जुड़ी रणनीति की याद दिलाते हैं। हालांकि ग्रेट फायरवॉल इंटरनेट पर सूचनाओं के प्रवाह को नियंत्रित करने और पश्चिमी कंपनियों को प्रतिबंधित करने का एक साधन है, लेकिन इसने चीनी इंटरनेट प्लेटफॉर्मों के विकास और विस्तार के लिए परिस्थितियाँ भी तैयार कीं। इस मामले में सुरक्षा संबंधी चिंताओं और घरेलू कंपनियों के सशक्तिकरण के बीच का तालमेल काफी अनूठा है, जो प्रौद्योगिकी के स्तर और उसकी व्यापकता पर निर्भर करता है। यह इस वास्तविकता को रेखांकित करता है कि चीन से संबंध तोड़ना एक क्रमिक प्रक्रिया है जो अलग-अलग क्षेत्रों में भिन्न होती है।
Originally Published in English as Anand P Krishnan. 2026. ‘Blocking with One Hand, Incentivizing with the Other: Shifting Sands in CCTV Ecosystem in India’. Commentary. Centre for Excellence for Himalayan Studies. 06 May.
Translated by Pavan Chaurasia